| | | |

MP में भारी बारिश की चेतावनी: विदिशा के बाजार में भरा पानी; ढाई इंच से ज्यादा पानी गिरने की संभावना

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम केंद्र भोपाल ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने विंध्य-महाकौशल के साथ-साथ मालवा-निमाड़ में ढाई इंच से ज्यादा पानी गिरने की बात कही है।

सोमवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन और शाजापुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। विदिशा के बाजारों में पानी भरने से दुकानदार परेशान नजर आए। वहीं, भोपाल में कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।

शिवपुरी के करेरा में सबसे ज्यादा पानी
भोपाल शहर में अभी तक 3 इंच बारिश हो चुकी है। रेलवे स्टेशन पर झरनों की तरह पानी गिर रहा है। प्लेटफार्म नंबर 4,5,6 पर पानी भर गया है जिससे कई यात्रियों को परेशानी हुई। 24 घंटे के दौरान नर्मदापुरम में औसतन 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई। शिवपुरी के करेरा में सबसे ज्यादा 5.4 इंच पानी गिरा। इसके अलावा निवाड़ी के ओरछा में 3.3 इंच, सागर के रहली में 3 इंच, भोपाल के कोलार में 3.2 इंच, नवीबाग में 3.1 इंच।

40 जिलों में अब भी बारिश का आंकड़ा औसत से कम
प्रदेश में अच्छी बारिश के बावजूद कई जिलों में अब तक मानसून का कोटा पूरा नहीं हुआ है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में औसत से करीब 19% तक कम बारिश दर्ज की गई है।
इन जिलों में कम बारिश
बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी समेत जिलों में 6% से 51% तक कम बारिश हुई है।

विदिशा में औसत से 1% से 49% तक कम बारिश
वहीं, पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, खंडवा, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में औसत से 1% से 49% तक कम बारिश दर्ज की गई है।

15 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन और राजगढ़ में अब तक औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
Share