TI बोले- नौटंकी बंद करो, FIR ठोक दूंगा: 6 मिनट चली बहस; कोरेक्स आरोपी को बचाने धरने पर बैठे थे BJP नेता

रीवा। सिविल लाइन थाने में नशीली कफ सिरप (कोरेक्स) के एक मामले में आरोपी को छुड़ाने और उसके समर्थन में पहुंचे भाजपा नेता बंसीलाल साहू और थाना प्रभारी विजय सिंह के बीच बड़ा विवाद हो गया।
इस कार्रवाई के विरोध में भाजपा नेता बंसीलाल साहू अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। उनका दावा था कि जिस युवक को पकड़ा गया है, वह पूरी तरह से निर्दोष है।
अपनी बात मनवाने के लिए नेता थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए। इससे पुलिस को ग़ुस्सा आ गया। उन्होंने नेता पर चिल्लाना शुरू कर दिया और कहा- यह भीड़तंत्र नहीं है कि आप जबरदस्ती हर बात मनवा लेंगे।
यह है मामला
पुलिस ने आइसक्रीम के ठेले से 12 शीशी कोरेक्स सिरप बरामद की थी। मामले में पुनीत साहू उर्फ पंकज नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया था। नेता का कहना है कि पुलिस को इस मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। जब थाने में उनकी बात नहीं सुनी गई और आवेदन नहीं लिया तो विरोध जताते हुए भाजपा नेता अपने समर्थकों के साथ थाने के में गेट पर ही धरने पर बैठ गए।
ग़ुस्सा हुए थाना प्रभारी
गेट पर बैठने की बात से थाना प्रभारी विजय सिंह भड़क गए। वीडियो में थाना प्रभारी विजय सिंह गुस्से में नेता पर चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेता को वहां से उठने के लिए कहा। उन्होंने कहा इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। दोनों के बीच 6 मिनट तक बहस चलती रही।
दबाव में कार्रवाई नहीं होगी
वीडियो में पुलिस ने एक एक आदमी के खिलाफ मुकदमा दायर करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि हमारे थाने में दबाव में कार्रवाई नहीं होती है।
पुलिस पर दबाव बनाना गलत
थाना प्रभारी विजय सिंह का साफ कहना था कि थाने के मेन गेट पर इस तरह धरना देना और भीड़ के जरिए पुलिस पर दबाव बनाना पूरी तरह से गलत है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पुलिस नियमों के दायरे में काम करती है और किसी भी तरह के दबाव में नहीं झुकेगी। साथ ही उन्होंने कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
पुलिस ने अपमानजनक व्यवहार किया
भाजपा नेता बंसीलाल साहू का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ बेहद अपमानजनक व्यवहार किया। उनका कहना है कि वे केवल निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवेदन देने गए थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ बदसलूकी की, जिससे उनका राजनीतिक और सामाजिक अपमान हुआ है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएंगे।