| | |

महाकाल के लिए बन रहे सवा लाख लड्डु; 20 से ज्यादा हलवाई जुटे; रक्षाबंधन पर होंगे वितरित

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में रक्षाबंधन पर्व पर भगवान महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा। चार दिन पहले विधि-विधान से भट्टी पूजन के बाद लड्डू बनाने का काम शुरू हुआ।

वर्षों पुरानी इस परंपरा के तहत भस्म आरती के दौरान लड्डुओं का भोग अर्पित होगा। पूजा के बाद प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।

प्रसाद में शुद्ध देसी घी, बेसन, शक्कर और ड्रायफ्रूट्स का उपयोग किया जा रहा है। मंदिर के ग्रीन रूम के पास बड़े स्तर पर लड्डुओं का निर्माण चल रहा है।

महाकाल के लिए सवा लाख लड्डुओं का महाभोग
श्री महाकालेश्वर मंदिर में रक्षाबंधन पर्व के लिए सवा लाख लड्डुओं का महाभोग तैयार किया जा रहा है। 20 से अधिक हलवाई लगातार इन लड्डुओं को तैयार कर रहे हैं। रक्षाबंधन पर इन्हें बाबा महाकाल को अर्पित किया जाएगा।

महाकाल के भक्त ने करवाया निर्माण 
पुजारी आकाश गुरु ने बताया कि राखी के पर्व पर हर साल की तरह इस बार भी लाखों लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। इसके लिए लड्डू निर्माण किया जा रहा है। हर बार की तरह इस बार भी महाकाल के भक्त ने लड्डुओं का निर्माण करवाया है। शुक्रवार सुबह भस्म आरती में ही इन लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद से शाम तक सभी लड्डुओं को भक्तों में वितरित कर दिया जाएगा।

भस्म आरती में निभाएंगे परम्परा
रक्षाबंधन पर तड़के 4 बजे भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक और पूजन होगा। इसके बाद बाबा को नवीन वस्त्र व आभूषणों से सजाकर राखी बांधी जाएगी। फिर सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाकर आरती होगी। मान्यता है कि श्रावण में पूरे महीने उपवास करने वाले भक्त श्रावणी पूर्णिमा पर लड्डू प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोलते हैं। भस्म आरती के बाद सुबह 7:30 बजे शासकीय आरती में भी राखी बांधी जाएगी।

Share