इंदौर की ट्रैफिक समस्या पर बोले सांसद: सबकी कोशिश से ही मिलेगा हल; तेजी से बढ़ रही शहर की आबादी

इंदौर। शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर तेजी से विकसित हो रहा है और वाहनों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।
ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इस समस्या के समाधान में आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।
पानी और ट्रैफिक शहर की बड़ी चुनौतियां
मीडिया से चर्चा के दौरान सांसद लालवानी ने कहा कि इंदौर बहुत तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। यहां की आबादी अन्य शहरों की तुलना में तेजी से बढ़ रही है। प्रति व्यक्ति आय बढ़ने के साथ ही गाड़ियों की संख्या भी बढ़ी है। शहर के सामने पानी और ट्रैफिक दो बड़ी चुनौतियां हैं। इन मुद्दों को लेकर समय-समय पर बैठकें भी होती रही हैं, लेकिन इन दिनों शहर में निकलने पर ट्रैफिक की समस्या अधिक दिखाई दे रही है।
सभी की भागीदारी से बने समग्र प्लान
सांसद ने कहा कि ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए एक पूरा प्लान तैयार किया जाना चाहिए। इसमें जनप्रतिनिधियों, पुलिस, प्रशासन और आम लोगों समेत सभी स्टेकहोल्डर को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण विषय है, जिसमें केवल किसी एक विभाग के प्रयास से समाधान संभव नहीं है। बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है।
अतिक्रमण हटाने के साथ छोटे कारोबारियों का भी ध्यान
सांसद ने कहा कि कई मोहल्लों में छोटे दुकानदार ओटलों पर कब्जा कर लेते हैं और वहां पार्किंग करवाई जाती है। उनके कार्यालय के सामने पार्किंग की व्यवस्था स्पष्ट है और वहां वाहन खड़े होते हैं। राजवाड़ा क्षेत्र में हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान छोटे घुमचे और ठेले लगाने वालों का भी ध्यान रखना जरूरी है।
छोटे कारोबारियों की कमाई भी जरूरी
कई छोटे कारोबारी साल में सिर्फ एक-दो त्योहारों पर ही काम कर पाते हैं। इनमें गरीब और मध्यमवर्गीय लोग भी शामिल हैं। सांसद ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना जरूरी है, लेकिन इसके साथ छोटे कारोबारियों की कमाईऔर उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।