| | |

मध्य प्रदेश में अब बढ़ेगी गर्मी, 12 मई से कई जिलों में लू का अलर्ट; थमेगा बारिश-आंधी का दौर

मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर अब थमने वाला है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में अब तेज गर्मी और लू का असर बढ़ेगा। विभाग ने 12 मई से कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। रविवार से ही तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिलने लगे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। शनिवार को रतलाम में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे प्रदेश में गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है।

शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण के असर से मौसम बदला रहा। भोपाल, बैतूल, सिवनी, पांढुर्णा, डिंडौरी, अनूपपुर, रायसेन, गुना, विदिशा, राजगढ़, सागर, जबलपुर, दमोह, बालाघाट, मंडला, उमरिया, शहडोल और छिंदवाड़ा समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।

गौरतलब है कि 30 अप्रैल से 9 मई तक मध्य प्रदेश में मौसम लगातार बदलता रहा। कभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस, तो कभी ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के कारण कई जिलों में बारिश और आंधी का दौर जारी रहा। इसी वजह से मई के शुरुआती दिनों में सामान्य से कम गर्मी महसूस की गई।

हालांकि अब मौसम साफ होने के संकेत हैं और 12 व 13 मई को प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से इजाफा हो सकता है।

गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर की तेज धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

Share

Similar Posts