मध्य प्रदेश में जुलाई के तीसरे सप्ताह में बारिश ने पकड़ी रफ्तार, 14 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा

इंदौर। मध्य प्रदेश में जुलाई के तीसरे सप्ताह के दौरान मानसून ने जोरदार वापसी की। इस दौरान प्रदेश में करीब 3.3 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जिलों में बारिश की स्थिति में सुधार देखने को मिला। फिलहाल भोपाल, इंदौर सहित 14 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हो चुकी है, जबकि 41 जिले अब भी औसत से कम बारिश वाले हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक लगभग 13 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। यह सामान्य औसत 14.6 इंच से करीब 1.6 इंच कम है, यानी अब तक राज्य में 11 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
इस बार मानसून ने 24 जून को प्रदेश में दस्तक दी थी, जो सामान्य से 9 दिन देरी से थी। हालांकि, अगले नौ दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में फैल गया। देरी से आने के कारण जून में करीब 30 प्रतिशत कम बारिश हुई, लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह में स्थिति सुधरकर औसत से 8 प्रतिशत अधिक हो गई। दूसरे सप्ताह में मानसून कमजोर पड़ गया, लेकिन तीसरे सप्ताह में अच्छी बारिश ने आंकड़ों में फिर से सुधार ला दिया।
देवास में सबसे ज्यादा, आलीराजपुर में सबसे कम बारिश
इस सीजन में मालवा-निमाड़ क्षेत्र में सबसे बेहतर बारिश दर्ज की गई है। देवास जिले में अब तक करीब 19.3 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य कोटे से 54 प्रतिशत अधिक है। दूसरी ओर आलीराजपुर में केवल 3.9 इंच बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य का लगभग 22 प्रतिशत ही है।
इन जिलों में सामान्य से अधिक बारिश
अब तक मंदसौर, दमोह, सिवनी, निवाड़ी, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, हरदा, इंदौर, नीमच, राजगढ़ और सीहोर में औसत से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
41 जिलों में अब भी बारिश की कमी
वहीं अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, झाबुआ, मुरैना, नर्मदापुरम, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन और विदिशा में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।