धार में आबकारी कार्यालय में चोरी: दीवार तोड़कर अंदर घुसे; अवैध शराब लेकर भागे

धार। गंधवानी थाना क्षेत्र में आबकारी कार्यालय की दीवार में सेंध लगाकर बदमाश पांच प्रकरणों में जब्त शराब लेकर भाग गए। सुबह जब कार्यालय पर कर्मचारी पहुंचे तो चोरी की जानकारी सामने आई। सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची व और मामले की जांच शुरु की।
सामान बिखरा हुआ मिला
जानकारी के अनुसार गंधवानी थाना अंतर्गत आबकारी कार्यालय में चोरी हो गई। आरक्षक अमित खन्ना ने पुलिस को बताया कि सुबह 11 बजे कार्यालय खोला गया तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। कर्मचारियों ने पीछे जाकर देखा तो कार्यालय की दीवार खोदकर उसमें अंदर घुसने के लिए जगह बनी हुई थी।
अवैध शराब प्रकरणों में जब्त मदिरा लेकर भागे
जिसके बाद वरिष्ठ कार्यालय पर वारदात की सूचना दी, आबकारी अमले ने रिकॉर्ड खंगाला तो उसमें यह जानकारी सामने आई कि बदमाश अवैध शराब प्रकरणों में जप्त मदिरा लेकर फरार हुए है। बदमाश सरकारी कार्यालय से बीयर, देशी प्लेन, अंग्रेजी शराब की बोतले व पेटियां लेकर फरार हुए हैं।
हजारों रुपए की थी शराब
सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार शराब की कुल कीमत हजारों रुपए है। पुलिस कार्यालय के आसपास के क्षेत्र में सुराग जुटाने के साथ ही बदमाशों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना के अनुसार आरक्षक की सूचना पर अपराध दर्ज किया हैं, क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। रात्रि गश्त भी बढाई जा रही है।