|

डीपीएस आरके पुरम को हराकर एमराल्ड फाइनल में: अंडर-14 में 2-0 से दर्ज की जीत; अंडर-17 और अंडर-19 में टीम को मिली हार

इंदौर। द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम पर दमदार जीत के साथ द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर की मेजबानी में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में खेली जा रही है।

अंडर-14 में एमराल्ड की एकतरफा जीत
स्पर्धा के अंडर-14 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम को एकतरफा मुकाबले में 2-0 से पराजित कर अंतिम मुकाबले में जगह बनाई। एमराल्ड हाइट्स की ओर से शनाया सिंघवानी, काव्या जैन एवं तान्या अग्रवाल ने सराहनीय प्रदर्शन किया। डीपीएस आरके पुरम की ओर से आरना सिंह एवं आरवी अरोरा ने चुनौती पेश की।

राजमाता कृष्णा ने यादविंद्रा को दी मात
दूसरे सेमीफाइनल में राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, जोधपुर ने यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, मोहाली को 2-0 से हराया। जोधपुर की ओर से कियारा गोयल एवं खुशी राठी तथा मोहाली की ओर से अरनाज कौर एवं रामायरा गौबा ने मुकाबला खेला।

अंडर-17 में एमराल्ड को मिली हार
अंडर-17 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर ने एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल को 2-0 से पराजित किया। जयपुर की ओर से अश्मिता चौधरी एवं आद्या नाहर ने, जबकि एमराल्ड हाइट्स की ओर से तन्वी दुबे, ईरा ठाकुर एवं रेनी अग्रवाल ने मुकाबला खेला। दूसरे सेमीफाइनल में डीपीएस आरके पुरम ने द लॉरेंस स्कूल, लवडेल को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

अंडर-19 में डीपीएस को मिली जीत
अंडर-19 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में डीपीएस आरके पुरम ने राजकुमार कॉलेज, रायपुर को 2-0 से पराजित कर अंतिम मुकाबले में प्रवेश किया। एक अन्य सेमीफाइनल में मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड, दिल्ली ने एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल को 2-0 से हराया।

व्यक्तिगत मुकाबलों में भी कड़े मुकाबले
व्यक्तिगत मुकाबलों में अंडर-14 में मन्नत अरोड़ा (डीपीएस आरके पुरम) ने जिया राठी (एलके सिंघानिया एजुकेशन सेंटर, गोटन) को 2-0 से, शरण्या गोयल (डेली कॉलेज) ने देवेशी अहलावत (वेल्हम गर्ल्स स्कूल) को 2-0 से तथा मीरा मलिक (महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल) ने कायरा गुप्ता (वेल्हम गर्ल्स स्कूल) को 2-0 से हराया। एमराल्ड हाइट्स की काव्या जैन ने वर्णिका भार्गव को 2-0 से पराजित किया।

Share