लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचा इंदौर: धार से हारकर इंटर-डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन चैंपियनशिप का उपविजेता बना

इंदौर। ग्वालियर में खेली जा रही 64वीं इंटर-डिस्ट्रिक्ट एवं 79वीं मध्य प्रदेश राज्य सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के इंटर-डिस्ट्रिक्ट मिक्स्ड टीम इवेंट में इंदौर जिला बैडमिंटन टीम लगातार चौथी बार उपविजेता रही। फाइनल में इंदौर को धार जिला बैडमिंटन संघ की टीम से 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।
फाइनल में धार ने बनाई शुरुआती बढ़त
खिताबी मुकाबले में पहले पुरुष एकल मुकाबले में इंदौर के अनिकेत परदेशी का सामना धार के अमित राठौर से हुआ। अमित ने अनिकेत को 15-13, 15-11 से पराजित कर धार को शुरुआती बढ़त दिलाई।
ओजस्वी ने पहला गेम जीता, लेकिन धार ने बढ़त दोगुनी की
महिला एकल में इंदौर की ओजस्वी भोमिया और धार की शिवानी चौधरी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। ओजस्वी ने पहला गेम 15-12 से जीता, लेकिन शिवानी ने शानदार वापसी करते हुए अगला गेम 18-16 और निर्णायक गेम 15-8 से जीतकर धार को 2-0 की बढ़त दिला दी।
पुरुष युगल में इंदौर ने की वापसी
इसके बाद पुरुष युगल में इंदौर के कन्हैया शर्मा एवं नैवैद्य टोंडे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धार के यश रैकवार एवं संजय ठाकुर को 15-6, 15-12 से पराजित किया। इस जीत के साथ इंदौर ने मुकाबले में वापसी करते हुए स्कोर 1-2 किया।
निर्णायक मुकाबले में कन्हैया का संघर्ष
चौथे मुकाबले में इंदौर के कन्हैया शर्मा का सामना धार के संजय ठाकुर से हुआ। बेहद रोमांचक मुकाबले में कन्हैया ने दूसरे गेम में शानदार संघर्ष किया, लेकिन संजय ठाकुर ने मुकाबला 15-9, 14-16, 15-9 से अपने नाम कर धार को 3-1 से चैंपियन बना दिया।
सेमीफाइनल जीतकर दोनों टीमों ने बनाई थी फाइनल में जगह
इससे पूर्व सेमीफाइनल में इंदौर जिला टीम ने जबलपुर जिला बैडमिंटन संघ को 3-1 से तथा धार जिला बैडमिंटन संघ ने नर्मदापुरम जिला बैडमिंटन संघ को 3-0 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी।
खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए
प्रतियोगिता के तीसरे दिन विदिता डागर, आईपीएस, कमांडेंट एवं आयोजन सचिव प्रो. अनुरोध सिंह सिसोदिया तथा सह सचिव डॉ. अरविंद सिंह राणा के आतिथ्य में खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके प्रदर्शन का उत्साहवर्धन किया।
लगातार चार फाइनल बड़ी उपलब्धि : आर.पी.एस. नैयर
इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव आर. पी. एस. नैयर ने टीम के प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि लगातार चार वर्षों तक इंटर-डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में उपविजेता रहना इंदौर बैडमिंटन के खिलाड़ियों की निरंतरता, मेहनत और मजबूत टीम भावना का प्रमाण है। लगातार चार वर्षों तक फाइनल में पहुंचना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।