उज्जैन में चोर की पिटाई का VIDEO: हथियार लेकर गांव में घुसे थे आरोपी; तीन घरों को बनाया निशाना, CCTV में हुए कैद

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम खरसोद कला में मंगलवार देर रात चोरों ने तीन सूने घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर लिए।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने एक अन्य संदिग्ध को भी पकड़ लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है।
हथियार लेकर गांव में घुसे थे बदमाश
शहर से करीब 65 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम खरसोद कला में मंगलवार देर रात तीन बदमाश हथियार लेकर पहुंचे थे। उन्होंने गांव के तीन सूने घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और वहां से लाखों रुपए के जेवरात लेकर भागने लगे।
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर संदिग्धों पर पड़ गई। ग्रामीणों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुला लिया। घेराबंदी होते देख दो बदमाश मौके से भाग निकले, जबकि एक आरोपी राठौड़खेड़ी के पास ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया।

ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश की कर दी पिटाई
गुस्साए ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को सूचना दी। भाटपचलाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। उसके बताए गए सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक अन्य संदिग्ध को भी हिरासत में ले लिया। हालांकि अब तक चोरी गया माल बरामद नहीं हो सका है।

CCTV में कैद हुए तीनों संदिग्ध
घटना के CCTV फुटेज भी सामने आए हैं। फुटेज में तीन संदिग्ध बदमाश गांव में घूमते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी की पिटाई का वीडियो भी बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने बढ़ाई रात की गश्त की मांग
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि गांवों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
TI बोले- जल्द होगा मामले का खुलासा
भाटपचलाना थाना प्रभारी सत्येंद्र चौधरी ने बताया कि ग्राम खरसोद कला में तीन घरों से जेवरात चोरी होने की शिकायत मिली है। ग्रामीणों की मदद से दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया है और तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी के पकड़े जाने और चोरी गए सामान की बरामदगी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुल कितने रुपए और कितने आभूषण चोरी हुए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
देखें VIDEO…