|

कटनी में बाणसागर का पानी घरों में घुसा: वार्ड 10 में जनजीवन अस्त-व्यस्त; प्रभावितों ने मांगी मदद

कटनी। जिले की विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत बरही थाना क्षेत्र के ग्राम कुटेश्वर में बाणसागर बांध के पानी के फैलाव से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

गांव के वार्ड क्रमांक 10 में पानी घुसने से कई परिवार जलभराव की चपेट में आ गए हैं, जिससे लोगों का दैनिक जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

सामग्री खराब, सीलन से मकानों पर खतरा
ग्रामीणों के अनुसार, घरों में अचानक पानी भरने से अनाज, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग का सामान पूरी तरह भीगकर खराब हो चुका है। कई घरों में चूल्हे डूब जाने के कारण भोजन तक पकाने की स्थिति नहीं बची है। दीवारों में अत्यधिक सीलन आने से मकानों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे ग्रामीण किसी बड़े हादसे की आशंका से भयभीत हैं। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

सुरक्षित स्थान और राहत सामग्री की मांग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित ग्रामीण ने जिला व स्थानीय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने गुहार लगाई है कि जलस्तर और बढ़ने से पहले उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए तथा भोजन और पेयजल जैसी आवश्यक राहत सामग्री तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

Share