|

जुना गुजराती समाज का 18वां प्रतिभा सम्मान समारोह: मेधावी छात्रों को किया पुरस्कृत; इंदौर सांसद शंकर लालवानी हुए शामिल

इंदौर। जुना गुजराती दर्जी समाज ने 16 अगस्त को 18वां राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आकाश विजयवर्गीय और शंकर लालवानी भी मौजूद रहे।

समारोह में विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए। 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और 10वीं के टॉपर को आईपैड दिया गया। वहीं 5वीं, 8वीं, 9वीं और 11वीं कक्षा में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई। साथ ही श्रीमद्भगवद्गीता, हनुमान चालीसा प्रमाण-पत्र और कॉपी भी दी गई।

सम्मान समारोह में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस समारोह का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही श्रीमद्भगवद्गीता और हनुमान चालीसा के माध्यम से बच्चों को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है।

हर वर्ष करते है अलग अलग आयोजन
श्री गुरु दामोदर सेवा समिति की ओर से वर्षभर सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं। समिति द्वारा परिचय सम्मेलन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के योग्य युवक-युवतियों के विवाह के लिए पहल की जाती है। इसके अलावा गुरु पूर्णिमा पर कार्यक्रम और अक्षय तृतीया पर सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाता है। सामूहिक विवाह का पूरा खर्च समिति की ओर से उठाया जाता है।

18 साल से प्रोत्साहित कर रही समिति
समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह की शुरुआत छोटे स्तर से हुई थी। अब यह आयोजन 18वें वर्ष में पहुंच चुका है। समिति आगे भी इस आयोजन को जारी रखते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती रहेगी।

Share