इंदौर से भोपाल तक साइकिल पर निकले जीतू पटवारी, पेपर लीक-बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस की साइक्लोथॉन शुरू
इंदौर से सोमवार सुबह एमपी कांग्रेस की साइक्लोथॉन शुरू हुई। यह यात्रा नीट-यूजी, सीबीएसई परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर निकाली जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत खुद साइकिल चलाकर इंदौर से भाेपाल तक का सफर तय करेंगे। यात्रा सुबह करीब 8 बजे आरएनटी (रवींद्रनाथ टैगोर) मार्ग से शुरू हुई, जो दो दिन में भोपाल पहुंचेगी। शुरुआत में तो बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए है। रास्ते में इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिले से भी साइकिल यात्री इस अभियान से जुड़ेंगे।
हर जिले में 500 साइकिल यात्री जुड़ेंगे
इंदौर से भोपाल तक रास्ते में पड़ने वाले हर जिले से 500 साइकिल यात्री इस यात्रा में जुड़ेंगे। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिले को मिलाकर दो हजार से ज्यादा साइकिल यात्रियों के साथ जीतू पटवारी भोपाल पहुंचेंगे। इधर, आज पहले दिन की यात्रा का विश्राम सीहोर जिले के आष्टा कस्बे के गोकुलधाम मैरिज गार्डन में होगा। कल यानी 15 जुलाई को कोठरी कस्बे से फिर साइकिल यात्रा शुरू होगी।
पटवारी ने कहा – केजी से पीजी तक फ्री एजुकेशन मिले
केजी से पीजी तक अनिवार्य और फ्री एजुकेशन हो। ये एक नया गैर राजनीतिक विचार है। राहुल गांधी ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम शुरु किया। इसका संदेश है कि अच्छी सुरक्षित शिक्षा मिले, एग्जाम और प्रोफेशनल एग्जामिनेशन में पारदर्शिता आए। नीट की परीक्षा में जो धांधली हो रही है वो रूके ये देश का विषय है। इन मुद्दों को लेकर युवाओं को यह संदेश देना है और अभिभावकों से बातचीत करना इस साइक्लोथॉन का मूल उद्देश्य है।