12 सितंबर को राहुल का इंदौर दौरा: छात्रों से करेंगे संवाद; 50 हजार से ज्यादा स्टूडेंट होंगे शामिल

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर दौरे पर आएंगे। वे नेहरू स्टेडियम में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रदेशभर के युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा छात्र शामिल होंगे।
कांग्रेस विधायक चिंटू चौकसे ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था में कई सुधारों की जरूरत है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की मेहनत पर पेपर लीक जैसी घटनाओं का असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में छात्रों से मिलकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए आवाज उठा रहे हैं।
छात्रों की समस्याएं सुनेंगे
चौकसे ने कहा कि युवाओं की ताकत का असर कई मौकों पर देखने को मिला है। इसी के तहत राहुल गांधी मध्यप्रदेश के युवाओं से संवाद करने इंदौर आ रहे हैं। कार्यक्रम में वे छात्रों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें भरोसा दिलाएंगे कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
पहले रजिस्ट्रेशन होगा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जीतू पटवारी के घर बैठक भी हुई। इसमें ज्यादा से ज्यादा छात्रों को कार्यक्रम से जोड़ने और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्रों का पहले रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।