| | |

उज्जैन के महाकाल लोक में महिला सुरक्षाकर्मी और श्रद्धालुओं के बीच हाथापाई: गालियां भी दी; मंदिर प्रशासन चुप

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित महाकाल लोक में श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

सप्तऋषि प्रतिमाओ के पास हुई घटना के वायरल वीडियो में महिला सुरक्षा कर्मी कुछ महिला श्रद्धालुओं से विवाद करती नजर आ रही है। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच जाती हैं और महिला गार्ड को घेर लेती हैं।

दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो जाती है। विवाद के दौरान महिला श्रद्धालुओं ने सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में दोनों पक्षों की ओर से अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया जा रहा है।

लोग बनाते रहे वीडियो
महाकाल लोक जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल पर विवाद और मारपीट होते देख आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

वजह स्पष्ट नहीं 
घटना किस वजह से शुरू हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। वायरल वीडियो में विवाद का कुछ हिस्सा ही दिखाई दे रहा है, इसलिए पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

मंदिर प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद भी मंदिर प्रशासन की ओर से अब तक घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। महाकाल लोक में पहले भी श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद के मामले सामने आते रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंदिर की छवि खराब हो रही
महाकाल लोक देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उज्जैन का प्रमुख आकर्षण है। ऐसे में परिसर में विवाद, गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं और सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और दोषी कौन था। ऐसी घटनाओ से मंदिर की छवि खराब हो रही है।

Share