झाबुआ में अनाज से भरा ट्रक पलटा: गड्ढों की वजह से बिगड़ा बैलेंस; एक दिन पहले ही किया था प्रदर्शन

झाबुआ। अंतरवेलिया के पास से निर्माणाधीन सड़क पर शनिवार की रात में झाबुआ से मेघनगर जा रहा अनाज से भरा एक ट्रक सड़क पर गड्ढों के कारण अचानक पलट गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया।
एक दिन पहले ही किया था प्रदर्शन
एक दिन पहले ही शुक्रवार को इस खारब रास्ते और गड्ढों को लेकर भाजपा नेता सोनू रामपाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया था। रामपाल ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन और संबंधित विभाग को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में तुरंत पैचवर्क करवाया जाए, अन्यथा कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
अधिकारियों की लापरवाही आई सामने
इसके बाद भी, प्रशासनिक अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही के चलते समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों के आलस की वजह से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है।