चित्रकूट में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM मोहन यादव: रात में की समीक्षा, सुबह प्रभावितों से मिले; बांटी राहत सामग्री

रीवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार रात नई दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की।
रविवार सुबह मुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इसके बाद चित्रकूट विकास प्राधिकरण के आश्रय स्थल पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री भी बांटी।
सेमरावल और मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ा
चित्रकूट में तेज बारिश के कारण सेमरावल और मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। कई इलाकों में नदी का पानी घरों में घुस गया। इससे लोगों के घरों और सामान को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन की सतर्कता के कारण अब तक किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। राहत और बचाव का काम लगातार जारी है।
भोजन और पानी की व्यवस्था के निर्देश
सीएम ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को भोजन, पीने का पानी, दवाएं और सूखा राशन समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं करने को कहा।

नुकसान का होगा सर्वे, मिलेगी आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। जिन लोगों के घर, सामान या पशुओं को नुकसान हुआ है, उनकी जानकारी जुटाई जाएगी। सर्वे के बाद नियम के अनुसार प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल सरकार का पूरा ध्यान राहत और बचाव कार्य पर है।