|

झाबुआ उपचुनाव की तैयारी: 53 मतदान दलों को दिया प्रशिक्षण; कलेक्टर-SP ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

झाबुआ। जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 06 और जनपद पंचायत राणापुर के उपचुनाव की तैयारियों के तहत सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राणापुर में सेक्टर अधिकारियों और 53 मतदान दलों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में नियुक्त सेक्टर अधिकारियों के साथ मतदान दलों में शामिल पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक-1, मतदान अधिकारी क्रमांक-2 और मतदान अधिकारी क्रमांक-3 ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रथम सत्र में मतदान प्रक्रिया, मतदान दलों के दायित्व, निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश और विभिन्न प्रपत्रों के संबंध में सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया।

EVM संचालन की दी गई जानकारी
द्वितीय सत्र में ईवीएम के संचालन और मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी बारीकियों और निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य करने की जानकारी दी गई।

निष्पक्षता और पारदर्शिता से दायित्व निभाने के निर्देश
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भरसट ने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी और मतदान दल निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक निर्देश और प्रक्रिया को गंभीरता से समझें। अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और सजगता के साथ करें। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान प्रशिक्षण स्थल पर ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का समन्वय
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि उपचुनाव के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मतदान दल निर्वाचन दायित्वों के निर्वहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार मंडलोई, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share