| |

झाबुआ में पंचायत उपचुनाव की तैयारियां: 2 मतदान केंद्रों का कलेक्टर-SP ने किया निरीक्षण; 29 सितंबर को होगा मतदान

झाबुआ। पंचायत उप निर्वाचन 2026 के तहत जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 06 और जनपद पंचायत राणापुर क्षेत्र में होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने ग्राम बन स्थित शासकीय हाई स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार पंचायत उपचुनाव के लिए 29 सितंबर 2026 को मतदान निर्धारित है।

बन में बनाए गए हैं दो मतदान केंद्र
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को मतदान के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर बोले- हर पात्र मतदाता करें मतदान
कलेक्टर डॉ. भरसट ने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मतदाताओं को किसी भी प्रकार के लोभ या दबाव से दूर रहकर स्वतंत्र और निर्भीक होकर मतदान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे में पात्र मतदाताओं को भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक दायित्व निभाना चाहिए।

एसपी ने विद्यार्थियों से परिवार को मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा
एसपी देवेंद्र पाटीदार ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए नुक्कड़ नाटक की सराहना की। उन्होंने कहा कि नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने मतदान के अधिकार और एक वोट की ताकत का संदेश दिया है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और परिवार के 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र सदस्यों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।

शपथ दिलाई, रंगोली से दिया मतदान का संदेश
स्वीप गतिविधि के तहत कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई।

स्कूली छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं रंगोली के माध्यम से भी नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया और 29 सितंबर को मतदान करने का संदेश दिया गया।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार मंडलोई, एसडीएम झाबुआ महेश मंडलोई, एसडीओपी कमलेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Share