|

झाबुआ में जनसुनवाई में पहुंचे 47 आवेदन: कलेक्टर ने दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश; सड़क, जमीन और पट्टे से जुड़ी शिकायतें

झाबुआ। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 47 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर पात्रतानुसार गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

7 किमी कच्चे मार्ग के डामरीकरण की मांग
ग्राम जूनापानी के महुड़ाखो फलिया, मचार फलिया और सूली फलिया के ग्रामीणों ने बताया कि गांव से तीनों फलियों तक करीब 7 किलोमीटर का रास्ता कच्चा है। करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से में बड़े गड्ढे होने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मार्ग के डामरीकरण की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण का परीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

6 किमी सड़क के लिए ग्रामीणों ने दिया आवेदन
ग्राम खेड़ा के शंकर पिता लाला मेड़ा सहित ग्रामीणों ने मेलिया से मोजाल होते हुए मुण्डत मंदिर तक करीब 6 किलोमीटर मार्ग पर आवागमन की समस्या बताई। ग्रामीणों के अनुसार बारिश में सड़क पर कीचड़ होने से परेशानी बढ़ जाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नई सड़क बनाने की मांग की।

पहाड़ी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग
ग्राम पंचायत धमोई के ग्रामीणों ने धमोई छोटी और धमोई बड़ी के बीच स्थित पहाड़ी भूमि को लेकर आवेदन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन का उपयोग लंबे समय से गाय और अन्य पशुओं को चराने के लिए किया जाता रहा है। उन्होंने भूमि के आवंटन पर आपत्ति जताते हुए इसे अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

पट्टे की जमीन पर कब्जे की शिकायत
ग्राम रल्यावन के नराण पिता विजयसिंग खराड़ी ने अपनी पट्टे की भूमि पर अन्य लोगों द्वारा कब्जे का प्रयास करने और विवाद व मारपीट की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की जांच करने और पट्टेदार को जमीन से बेदखल करने के लिए धमकाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

साहूकार के पास रखे चांदी के जेवर वापस दिलाने की मांग
ग्राम दुधी के थावरिया पिता नाना मेड़ा ने साहूकार के पास रखे चांदी के जेवरात वापस नहीं मिलने की शिकायत की। आवेदक के अनुसार साहूकार की मृत्यु के बाद उसका पुत्र जेवरात वापस नहीं कर रहा है। कलेक्टर ने एसडीएम को मामले की जांच कर नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए।

शासकीय भूमि के पट्टे का विवाद भी पहुंचा
ग्राम गोमलीसात, तहसील थांदला के कसुवा पिता रंगजी डामोर ने शासकीय भूमि के पट्टे से जुड़े विवाद को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने संबंधित पट्टा निरस्त कर भूमि का कब्जा वापस दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने दस्तावेजों और तथ्यों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जनसुनवाई नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को आवेदनों का केवल औपचारिक निराकरण करने के बजाय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से प्रत्येक मामले का परीक्षण करना चाहिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक देरी के देने, आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share