इस्कॉन के 60वें स्थापना वर्ष पर इंदौर में भक्ति का सैलाब ;19 जुलाई को निकलेगी जगन्नाथ रथ यात्रा

इस्कॉन के 60वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में इंदौर में भक्ति और आस्था का महापर्व मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा शहर में निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं, नन्हे भक्तों के लिए 26 जुलाई को निपानिया स्थित इस्कॉन मंदिर परिसर में विशेष बाल रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
इस्कॉन इंदौर मंदिर समिति के चेयरमैन स्वामी महामनदास ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 जुलाई को निकलने वाली मुख्य रथ यात्रा दोपहर 1 बजे अन्नपूर्णा मंदिर से शुरू होगी। यह यात्रा शहर के राजवाड़ा स्थित गोपाल मंदिर तक पहुंचेगी। इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से आए संत श्रद्धालु और बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन लाभ लेंगे। यात्रा के समापन पर भगवान जगन्नाथ की कथा और आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
15 जुलाई तक इस्कॉन मंदिर में प्रतिदिन जगन्नाथ कथा का आयोजन हो रहा है, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया जा रहा है। 26 जुलाई को निपानिया स्थित मंदिर परिसर में बच्चों के लिए विशेष बाल रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। इस्कॉन प्रबंधन ने इंदौर के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस महापर्व में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।