| | | |

ईरान के राष्ट्रपति की बेटी ने जाना धार का बाग प्रिंट: खुद लगाया ठप्पा; प्राकृतिक रंगों में दिखी दिलचस्पी

नई दिल्ली। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में मध्य प्रदेश की बाग प्रिंट कला ने विदेशी मेहमानों का ध्यान खींचा। भारत मंडपम में लगे ‘BRICS बाजार’ में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान की बेटी ज़हरा पेज़ेशकियान ने धार के बाग प्रिंट स्टॉल का दौरा किया। उन्होंने इस पारंपरिक कला को करीब से जाना और प्राकृतिक रंगों से कपड़े पर छपाई की प्रक्रिया देखी।

ज़हरा ने बाग प्रिंट शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और मोहम्मद काज़िम खत्री से इस कला के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खास तौर पर पूछा कि बाग प्रिंट में काला रंग कैसे तैयार किया जाता है। इसके बाद उन्होंने खुद लकड़ी के पारंपरिक ठप्पे से कपड़े पर बाग प्रिंट किया।

बाग प्रिंट प्राकृतिक रंगों और लकड़ी के नक्काशीदार ब्लॉक्स से तैयार किया जाता है। यह धार की पहचान से जुड़ी पारंपरिक कला है। BRICS बाजार में इसे दुनिया के अलग-अलग देशों से आए प्रतिनिधियों के सामने पेश किया जा रहा है। कई विदेशी मेहमानों ने इस कला को करीब से देखा और खुद ठप्पा लगाकर इसका अनुभव लिया।

मोहम्मद बिलाल खत्री ने कहा- BRICS जैसे वैश्विक मंच पर बाग प्रिंट को प्रस्तुत करना गर्व की बात है। अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों ने जब इस कला को समझा और खुद इसे आजमाया, तो इससे बाग प्रिंट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली।

ज़हरा को भेंट किया बाग प्रिंट का अंगवस्त्रम
कला के प्रति इस रुचि को देखते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री ने उनका अभिनंदन किया। उन्होंने ज़हरा को पारंपरिक बाग प्रिंट का अंगवस्त्रम भेंट किया।

विदेशी मेहमानों ने भी सराहा
BRICS बाजार में धार के बाग प्रिंट को लाइव डेमोंस्ट्रेशन के जरिए प्रदर्शित किया जा रहा है। मोहम्मद बिलाल खत्री और उनके भाई मोहम्मद काज़िम खत्री यहां इस कला की पूरी प्रक्रिया दिखा रहे हैं।

BRICS सम्मेलन में पहुंचे अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों ने भी उनके स्टॉल का दौरा किया। कई मेहमानों ने खुद लकड़ी के ब्लॉक से कपड़े पर ठप्पा लगाकर बाग प्रिंट का अनुभव लिया।

इसके लिए खास तौर पर BRICS लोगो वाले लकड़ी के ब्लॉक तैयार किए गए थे। प्रतिनिधियों ने इनसे तैयार किए गए प्रिंट को यादगार के तौर पर अपने साथ भी लिया।

Share