BRICS Summit का दूसरा दिन: ग्रुप फोटो सेशन में जिनपिंग-पुतिन के बीच दिखे PM मोदी; बोले- बढ़ता तनाव आम लोगों को प्रभावित कर रहा

नई दिल्ली। BRICS समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया में तनाव तेजी से बढ़ रहा है। इसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महामारी, जलवायु आपदाओं और सप्लाई चेन में रुकावटों ने दिखाया है कि दुनिया के देश एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। एक जगह आया संकट दूसरे देशों को भी प्रभावित कर सकता है।
रविवार को 18वें BRICS समिट के दूसरे और आखिरी दिन सदस्य देशों के नेता भारत मंडपम पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत में नेताओं का ग्रुप फोटो सेशन हुआ। इसमें PM मोदी के दोनों ओर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नजर आए। PM मोदी आज 7 देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
BRICS में 4 मुद्दों पर फोकस
PM मोदी ने कहा कि भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान चार प्रमुख मुद्दों पर काम किया गया। इनमें रेजिलिएंस (लचीलापन), इनोवेशन (नवाचार), कोऑपरेशन (सहयोग) और सस्टेनेबिलिटी (स्थिरता) शामिल हैं। BRICS देशों के सहयोग से साझा सोच को ऐसे काम में बदलने की कोशिश की गई, जिसका फायदा सभी सदस्य देशों को मिल सके।
संकट से निपटने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम
PM मोदी ने कहा कि भविष्य में आने वाले संकटों से निपटने के लिए BRICS देशों को पहले से तैयार रखना जरूरी है। इसी दिशा में संक्रामक बीमारियों की पहचान और उनसे निपटने के लिए ‘BRICS इंटीग्रेटेड अर्ली वार्निंग सिस्टम’ बनाने पर सहमति बनी है। इसके अलावा आपदाओं से निपटने के लिए अर्ली वार्निंग डेटा इंटीग्रेशन गाइडलाइंस भी तैयार की गई हैं।
BRICS देशों ने नई दिल्ली डेक्लरेशन को मंजूरी दी
BRICS देशों ने शनिवार को नई दिल्ली डेक्लरेशन को मंजूरी दी। इसमें कई अहम मुद्दों पर साझा रुख सामने रखा गया। डेक्लरेशन में रूस और चीन समेत BRICS देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। साथ ही आतंकियों को पनाह देने वालों के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करने की बात कही गई। इसके अलावा आतंकियों तक पहुंचने वाली फंडिंग रोकने और उन्हें सुरक्षित ठिकाने देने वालों पर कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी।
मलेशियाई PM ने राहुल-प्रियंका से मुलाकात की
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से नाश्ते पर मुलाकात की। वहीं, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी रविवार सुबह भारत मंडपम पहुंचे। BRICS समिट का आज दूसरा और आखिरी दिन है।