TET हटाने और OPS बहाल करने की मांग: राजबाड़ा पर शिक्षकों का प्रदर्शन; बोले- संघर्ष जारी रहेगा

इंदौर। राजबाड़ा पर रविवार को शिक्षक अधिकार संघ ने प्रदर्शन किया। TET से मुक्ति और पुरानी पेंशन योजना (OPS) को दोबारा लागू करने समेत शिक्षक हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर संघ के प्रदेश अध्यक्ष भारत भार्गव ने अनिश्चितकालीन संघर्ष का संकल्प लिया।
आंदोलन की शुरुआत मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दंडवत प्रणाम के साथ की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षक हितैषी मौजूद रहे। भारत भार्गव के नेतृत्व में शिक्षकों ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था, सरकारी स्कूलों और शिक्षकों के भविष्य को बचाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
भार्गव ने कहा कि TET से मुक्ति, वरिष्ठता की बहाली और OPS को पुनः लागू करने सहित शिक्षक हितों से जुड़ी न्यायोचित मांगों को लेकर अब सतत संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी शिक्षा और सरकारी स्कूलों का भविष्य चुनौतीपूर्ण स्थिति में है।
शिक्षकों को TET के शोषणकारी जाल से सुरक्षा दिलाने और उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए सरकार तक अपनी आवाज मजबूती से पहुंचाना जरूरी है।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
भारत भार्गव ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक संविधान सम्मत तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे।
आंदोलन के अगले चरण में विधायकों, सांसदों और विपक्ष के नेताओं से मुलाकात कर मांगों को शासन तक पहुंचाने की बात कही गई है। संघ ने यह भी चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान राजेश शिंदे, नरोत्तम सॉन्ग, राजेश चौहान, राकेश गहलोत, अंजुला पटेल, सीमा अलावा, पवन पटेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षक हितैषी मौजूद रहे।