धर्मशाला में अलग-अलग पिचों पर होंगे IPL के तीन मुकाबले, हर मैच में मिलेगा नया रोमांच

आईपीएल 2026 के तहत हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित एचपीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले तीनों मुकाबले अलग-अलग पिचों पर आयोजित किए जाएंगे। इससे हर मैच में पिच का अलग व्यवहार देखने को मिलेगा और मुकाबलों में नया रोमांच जुड़ने की उम्मीद है। स्टेडियम प्रबंधन और ग्राउंड स्टाफ ने मैचों को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

धर्मशाला का मैदान अपनी तेज़ और उछालभरी पिचों के लिए जाना जाता है, जहां तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद मिलती है। साथ ही बल्लेबाजों को शॉट खेलने में आसानी होती है और स्पिनरों को भी पिच से सहयोग मिलने की संभावना रहती है। यही वजह है कि धर्मशाला की पिचें विदेशी खिलाड़ियों के बीच भी काफी लोकप्रिय मानी जाती हैं।

एचपीसीए स्टेडियम में कुल नौ पिचें मौजूद हैं, जिनमें मध्य की पांच पिचें अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए तैयार की गई हैं। इन पिचों में विकेट कैमरा लगाने की सुविधा भी उपलब्ध है। आईपीएल मुकाबलों के लिए चुनी गई पिचों को विशेष रूप से तैयार किया गया है ताकि प्रत्येक मैच में संतुलित और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट देखने को मिले।

खिलाड़ियों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अभ्यास के लिए भी पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्य मैदान में दो प्रैक्टिस पिचें रखी गई हैं, जबकि आउटडोर प्रैक्टिस एरिया में सात पिचों की व्यवस्था की गई है। इससे खिलाड़ी नेट अभ्यास के दौरान बल्लेबाजी और गेंदबाजी करते हुए पिच के मिजाज को समझ सकेंगे और अपनी रणनीति बेहतर बना पाएंगे।

एचपीसीए के पिच क्यूरेटर सुनील चौहान ने बताया कि आईपीएल मैचों के लिए पिचों को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेलने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाली पिचें उपलब्ध होंगी और आउटफील्ड को भी बेहतरीन तरीके से तैयार किया गया है ताकि मैचों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

बारिश की स्थिति से निपटने के लिए भी एचपीसीए ने आधुनिक तकनीक का इंतजाम किया है। स्टेडियम में एडवांस सब-एयर सिस्टम लगाया गया है, जो हल्की बारिश के बाद मैदान को 15 से 20 मिनट के भीतर सुखाकर दोबारा खेलने योग्य बना सकता है। इसके अलावा सुपर सॉपर मशीनें भी उपलब्ध हैं, जो पानी को तेजी से हटाने में मदद करेंगी।

धर्मशाला में होने वाले इन मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है और अलग-अलग पिचों पर खेले जाने वाले मैचों से रोमांचक क्रिकेट की उम्मीद की जा रही है।

Share

Similar Posts