आईपीएल 2026: दिल्ली से हार के बाद श्रेयस अय्यर का बड़ा बयान, बोले- “गेंदबाजी और फील्डिंग ने हमसे मैच छीन लिया”

आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मिली हार के बाद पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम की खराब गेंदबाजी और फील्डिंग को हार का सबसे बड़ा कारण बताया। धर्मशाला में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 210 रन बनाने के बावजूद पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा

मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने साफ शब्दों में कहा, “मैं बात को घुमाना नहीं चाहता। हमारी फील्डिंग और गेंदबाजी ने हमें मैच हराया। इस विकेट पर 210 रन लगभग 30 रन ज्यादा थे, क्योंकि गेंद सीम हो रही थी और बाउंस भी अनियमित था।”

अय्यर ने स्वीकार किया कि टीम ने मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों के दो अहम कैच छोड़े, जिससे मुकाबला पंजाब के हाथ से निकल गया। गौरतलब है कि पंजाब किंग्स इस सीजन अब तक सबसे ज्यादा 19 कैच छोड़ चुकी है, जो टीम की फील्डिंग कमजोरी को दर्शाता है।

युजवेंद्र चहल को एक भी ओवर नहीं देने के फैसले पर कप्तान ने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने परिस्थितियों को देखते हुए तेज गेंदबाजों पर भरोसा जताया था।

उन्होंने कहा, “चहल को गेंदबाजी देने का विचार था, लेकिन जिस तरह गेंद सीम हो रही थी, हमें लगा कि तेज गेंदबाज सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करके विकेट निकाल सकते हैं। दुर्भाग्य से हम ऐसा नहीं कर सके।”

मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर 216 रन बनाते हुए 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की

दिल्ली की ओर से कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान देकर मैच का रुख बदल दिया।

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने धर्मशाला के मैदान पर 211 रन का लक्ष्य हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया। यह धर्मशाला में किसी भी टीम द्वारा किया गया सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया।

Share

Similar Posts