फिन एलन के तूफान से कोलकाता की बड़ी जीत, गुजरात टाइटंस को 29 रन से हराया

आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने गुजरात टाइटंस को 29 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। ईडन गार्डन्स में खेले गए हाई-स्कोरिंग मैच में कोलकाता के बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद गेंदबाजों ने गुजरात को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को तेज शुरुआत फिन एलन ने दिलाई, जिन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में चार चौके और 10 छक्के शामिल रहे। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने मैच का रुख बदल दिया।

इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और सात छक्के जड़े। वहीं अंतिम ओवरों में कैमरून ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

गुजरात टाइटंस की ओर से मोहम्मद सिराज और साई किशोर को एक-एक विकेट मिला, लेकिन अन्य गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।

शुभमन गिल और बटलर की कोशिश बेकार

248 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने भी कड़ी टक्कर दी। कप्तान शुभमन गिल ने 85 रन की शानदार पारी खेली, जबकि वापसी कर रहे साई सुदर्शन ने नाबाद 53 रन बनाए। जोस बटलर ने भी 57 रन का अहम योगदान दिया, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।

कोलकाता की ओर से सुनील नारायण सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट झटके। इस जीत के साथ केकेआर ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

Share

Similar Posts