इंदौर-उज्जैन समेत 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। प्रदेश के ऊपर एक साथ तीन मजबूत मौसमीय सिस्टम एक्टिव होने से लगातार तीसरे दिन भी झमाझम बारिश जारी है। पिछले 24 घंटे में 40 से ज्यादा जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक सिवनी में 4.9 इंच बारिश हुई, जबकि भोपाल और राजगढ़ में 1.6-1.6 इंच पानी बरसा।
इन जिलों में हुई अच्छी बारिश
धार, पचमढ़ी, उमरिया, दमोह, सीधी और मंडला में एक इंच से ज्यादा बारिश हुई। वहीं शाजापुर, आगर-मालवा, सीहोर, विदिशा, देवास, बड़वानी, मंदसौर, श्योपुर, नर्मदापुरम, रायसेन, इंदौर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, छतरपुर, बैतूल, रतलाम, गुना, नरसिंहपुर, खंडवा, रीवा, उज्जैन, सागर और सतना समेत कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के लिए इंदौर, उज्जैन समेत 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
क्यों हो रही है इतनी बारिश?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में मानसून ट्रफ, ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पूर्व-पश्चिम शियर जोन एक साथ सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी मिलने के कारण कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है।
बारिश से जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भोपाल में 90 साल पुराने जर्जर मकान का हिस्सा गिरने से एक युवक घायल हो गया। कई सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
प्रदेश में भरी बारिश की संभावना बन रही
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। अगले 24 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।