|

इंदौर में पारंपरिक गेर का रंगोत्सव: मिसाइलों से उड़ेगा रंग, 8 हजार किलो टेसू गुलाल से सजेगा राजवाड़ा

मालवा की सांस्कृतिक राजधानी इंदौर में आज रविवार को पारंपरिक गेर का भव्य रंगोत्सव मनाया जाएगा। पूरे पश्चिमी क्षेत्र में रंगों और गुलाल की बौछारों के साथ लाखों लोग इस उत्सव में शामिल होंगे।

इस अवसर पर फागयात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं हिस्सा लेंगी। आयोजकों ने भव्य आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। हजारों किलो गुलाल और रंग उड़ाया जाएगा, जिससे शहर का माहौल पूरी तरह रंगमय हो जाएगा।

70 साल पुरानी परंपरा

यह परंपरागत गेर राजवाड़ा से निकाली जाती है और इसका इतिहास लगभग सात दशक पुराना है। शुरुआत में बड़े कड़ावों में रंग भरकर लोगों को भिगोने की परंपरा थी। अब यह आयोजन बैलगाड़ियों, ट्रैक्टरों और आधुनिक मिसाइल तकनीक के माध्यम से किया जाता है, जिससे रंग और पानी लगभग 200 फीट तक हवा में उछाले जा सकते हैं।

लाखों लोग बनेंगे साक्षी

पिछले तीन वर्षों में इस गेर में शामिल होने वालों की संख्या 5 लाख से अधिक रही है। इस बार भी लाखों लीटर पानी और हजारों किलो गुलाल उड़ाने की तैयारी की गई है। राजवाड़ा और आसपास के 5-6 किलोमीटर क्षेत्र में रंग, गुलाल और पानी की बौछार देखने को मिलेगी।

टेसू के फूलों से तिरंगा

इस आयोजन की खास बात है कि करीब 8 हजार किलो टेसू के फूलों से तैयार गुलाल का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे राजवाड़ा पर तिरंगा बनाया जाएगा, जो उत्सव का विशेष आकर्षण होगा।

ढोल-ताशे, झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

गेर में बैंड, ढोल-ताशे, आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। गेर और फागयात्रा अपने तय मार्गों से निकलकर शहरवासियों को रंगों के महासागर में डुबो देंगी।

Share

Similar Posts