धार में सेवा संकल्प अभियान: 10 हेक्टेयर में ‘त्रिवेणी हरित सेतु’ का लोकार्पण; 257 यूनिट रक्तदान

धार। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत धार जिला मुख्यालय पर गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और जैविक खेती को बढ़ावा देने से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीआरपी लाइन में 10 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित ‘त्रिवेणी हरित सेतु’ वृक्षारोपण क्षेत्र का लोकार्पण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सांकेतिक पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक नीना वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा, वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टीआर सहित प्रशासन, पुलिस, 34वीं वाहिनी और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
‘त्रिवेणी हरित सेतु’ में 10 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने ‘त्रिवेणी हरित सेतु’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस तरह के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इसे ग्लोबल वार्मिंग को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने पौधों की सिंचाई के लिए निधि से 10 लाख रुपए उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
जिले में 257 लोगों ने किया रक्तदान
जिला अस्पताल में सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने रक्तदान किया। शिविर में कुल 257 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
क्षेत्रवार रक्तदान का आंकड़ा इस प्रकार रहा
धार : 41 यूनिट
कुक्षी : 69 यूनिट
मनावर : 29 यूनिट
सरदारपुर : 26 यूनिट
बदनावर : 44 यूनिट
धरमपुरी : 7 यूनिट
गंधवानी : 41 यूनिट
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में मदद कर सकता है। उन्होंने नागरिकों से स्वेच्छा से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
736 वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण
सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग की ओर से पीएम श्री शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिविर आयोजित किया गया। इसमें 736 पात्र वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। हितग्राहियों को व्हीलचेयर, ट्राईसिकल, बैसाखी, कृत्रिम अंग सहित अन्य आवश्यक उपकरण दिए गए।
विधायक नीना वर्मा ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए सुविधा के साथ आत्मविश्वास और स्वावलंबन का माध्यम भी हैं। उन्होंने हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने की अपील की।
जैविक हाट में 1.50 लाख से ज्यादा के उत्पाद बिके
जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जैविक हाट की शुरुआत की। विधायक नीना विक्रम वर्मा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने जैविक उत्पादों की खरीदारी कर किसानों को प्रोत्साहित किया।
जैविक हाट में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से किसान लौकी, गिलकी, भिंडी, धनिया, सौंफ, दालें, अरहर, चना, मूंग, गेहूं, ज्वार, रागी, मसाले, मिर्ची और हल्दी सहित विभिन्न जैविक उत्पाद लेकर पहुंचे।
इसके अलावा गिर नस्ल के शुद्ध घी की करीब 30 लीटर मात्रा भी बिक्री के लिए लाई गई, जिसकी कीमत लगभग 75 हजार रुपए रही। गेहूं, दाल और अन्य जैविक उत्पादों को मिलाकर हाट में 1.50 लाख रुपए से अधिक के उत्पादों की बिक्री हुई।
कलेक्टर ने जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा रसायन मुक्त खाद्य पदार्थों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने किसानों और आमजन से स्वस्थ आहार एवं प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।