| | | | | |

उज्जैन में मोदी के जन्मदिन पर जगमगाए 35 लाख दीये: जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी ने भी जलाए दीपक; उत्तराखंड में PM के नाम की पूजा

पीएम मोदी का गुरुवार को 76वां जन्मदिन है। इस मौके पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम हो रहे हैं। मध्य प्रदेश में दीपोत्सव मनाया जा रहा है। सबसे बड़ा आयोजन उज्जैन में है, जहां शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख जबकि मकानों-दुकानों में 10 लाख दीपक जलाए गए। प्रदेश के सीपीआरओ मनीष सिंह ने बताया कि पूरे राज्य में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत एक साथ 3 करोड़ 55 लाख दीपक जलाए गए।

उत्तराखंड के देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुना घाट पर पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा और आरती कराई। मोदी के जन्मदिन पर पूरे बिहार में 21 लाख दीये जलाए गए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल ने कांकरिया झील पर आरती की। इससे पहले शाह ने वडनगर में कहा कि मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में हैं। उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक करीब 1300 किमी की बाइक रैली रवाना की। वाराणसी से भी वडनगर के लिए बाइक रैली शुरू हुई।

PM मोदी के जन्मदिन पर जयपुर में 50-हजार दीये जलाए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को राजस्थान में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जयपुर में उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने अल्बर्ट हॉल पर ‘एक दीप आशीर्वाद का’ कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें 50 हजार दीये जलाए गए।

हुगली नदी किनारे 8.5 लाख दीये जलाए जाएंगे

17 सितंबर की शाम हुगली नदी के किनारे 10 से अधिक घाटों को रोशन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने 8.5 लाख दीये खरीदे हैं। इनमें बाजा कदमताल घाट पर अकेले एक लाख दीये जलाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर CJP ने भी जलाए आशीर्वाद के दीये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से भी ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए। CJP के नेशनल कन्वीनर आशुतोष रांका ने बताया- राजस्थान सरकार ने प्रदेश के स्कूल-कॉलेजों में आशीर्वाद का दीया जलाने की अपील की है। इसके तहत CJP ने भी दीए जलाए। अब आदिवासी इलाकों के स्कूल-कॉलेजों में भी आशीर्वाद का दीया जलाने की बात कही है।

रतलाम में 70 हजार दीपक जलाकर मनाया प्रधानमंत्री का जन्मदिन

रतलाम में तीन प्रमुख स्थानों पर करीब 70 हजार दिए जलाए गए। झाली तालाब किनारे 30 हजार, अलकापुरी स्थित भारत माता प्रतिमा के पास 20 हजार और शहर सराय स्थित शहीद चौक पर 20 हजार दीपक जलाकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया।

झाबुआ में जलाया आशीर्वाद का दीया, 10 हजार दीपकों से लिखा सेवा से संकल्प अभियान

झाबुआ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित किया गया। इसमें कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, एसपी देवेंद्र पाटीदार मौजूद रहे। यहां 10 हजार दीपकों से सेवा से संकल्प अभियान 2026 लिखा गया था।

बैतूल में दीपोत्सव से मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन

बैतूल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीपोत्सव मनाया जा रहा है। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में एक लाख दीपक जलाए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उइके, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर शामिल हुए।

प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव पर 11 हजार दीपों से जगमगाया ओंकारेश्वर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर को भी आइकॉनिक सिटी के रूप में चुना गया। इस अवसर पर ओंकारेश्वर में 11 हजार दीपक जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

PM मोदी बोले- बंगाल में बदलाव में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम

पीएम मोदी ने कहा कि 4 मई को बंगाल के लोगों ने बदलाव का रास्ता चुना। इस बदलाव में बंगाल की माताओं और बहनों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है। मोदी ने कहा कि महिलाओं ने लंबे समय तक कई परेशानियां झेली हैं और कई सुविधाओं का इंतजार किया है। इसलिए नई सरकार की प्राथमिकता महिलाओं की जिंदगी आसान बनाना और उनकी सुविधाएं बढ़ाना है।

Share