इंदौर की सर्विस रोड पर फंसी चिंटू चौकसे की गाड़ी: गड्ढे में बैठे कांग्रेसी; बोले- जब फार्चुनर फंस गई तो छोटी गाड़ियों का क्या हाल होगा

इंदौर। बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने एक दिन पहले सड़क का वीडियो बनाकर निगम और महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर सवाल उठाए थे। अब बुधवार को उन्होंने उसी सड़क के गड्ढे में बैठकर प्रदर्शन किया।
चौकसे ने पहले अपनी गाड़ी से सर्विस रोड का वीडियो बनाया था। इसमें सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़, मलबा और जलजमाव दिखाई दे रहा था। उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसके अगले दिन चौकसे खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने गड्ढे में बैठकर नगर निगम के खिलाफ विरोध जताया।
पहले वीडियो में दिखाई बदहाल सड़क
चौकसे ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया था। वीडियो में वह अपनी गाड़ी से बॉम्बे हॉस्पिटल सर्विस रोड से गुजरते नजर आए। उन्होंने सड़क की हालत कैमरे में दिखाई। जगह-जगह गड्ढे थे। सड़क पर कीचड़ जमा था। मलबे के ढेर भी नजर आ रहे थे। जलजमाव के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। कुछ वाहन कीचड़ और गड्ढों में फंसते भी दिखाई दिए।
चौकसे ने वीडियो में महापौर पुष्यमित्र भार्गव से सीधे सवाल किए थे। उन्होंने कहा था कि बॉम्बे हॉस्पिटल महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां रोजाना मरीज, एंबुलेंस और हजारों लोग आते-जाते हैं। इसके बावजूद सड़क की यह हालत चिंता का विषय है।

अगले दिन गड्ढे में बैठकर किया प्रदर्शन
वीडियो जारी करने के अगले दिन चौकसे ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। वह उसी सर्विस रोड के गड्ढे में बैठ गए। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत लगातार खराब हो रही है। शिकायतों के बावजूद निगम की ओर से जरूरी काम नहीं किया जा रहा है। चौकसे ने कहा कि शहर की जनता टैक्स देती है। इसके बदले उसे गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़कें नहीं मिलनी चाहिए।

85 वार्डों में पेचवर्क नहीं होने का आरोप
चौकसे ने आरोप लगाया कि बारिश से पहले इंदौर के 85 वार्डों में जरूरी पेचवर्क नहीं कराया गया। बारिश के बाद सड़कों की हालत और खराब हो गई। उन्होंने कहा कि बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। कई जगह चार पहिया वाहन भी गड्ढों में फंस रहे हैं। उन्होंने निगम से शहर की खराब सड़कों का तत्काल सर्वे कराने की मांग की। साथ ही बड़े गड्ढों को प्राथमिकता से भरने की बात कही।
‘धृतराष्ट्र निगम की नींद कब खुलेगी?’
प्रदर्शन के दौरान चौकसे ने नगर निगम पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह सड़कें खराब हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारों को यह दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ‘धृतराष्ट्र रूपी निगम’ की नींद कब खुलेगी। शहरवासियों को इन गड्ढों से राहत कब मिलेगी।
सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
चौकसे ने बॉम्बे हॉस्पिटल सर्विस रोड सहित शहर की अन्य खराब सड़कों की मरम्मत की मांग की है। उन्होंने कहा कि मरीजों, एंबुलेंस और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए काम जल्द शुरू होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क की हालत में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी और प्रदर्शन करेगी।