इंदौर में पूर्व कांग्रेस पार्षद की दुकान पर छापा: उर्दू मैदान में पुलिस की कार्रवाई; गाड़ियों के कागजात और रिकॉर्ड की जांच जारी

इंदौर। शहर में चोरी की गाड़ियों के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व कांग्रेसी पार्षद अंसाफ अंसारी की उर्दू मैदान स्थित दुकान पर शनिवार को छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच को चोरी की गाड़ियों के खरीद-फरोख्त और उनके उपयोग से जुड़े कुछ इनपुट मिले थे। इसी आधार पर टीम ने दुकान पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने दुकान और आसपास के क्षेत्र में खड़ी कुछ गाड़ियों के दस्तावेजों की जांच भी की।

भारी पुलिस बल तैनात
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच का संयुक्त बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र को कुछ समय के लिए घेराबंदी कर जांच की प्रक्रिया पूरी की।
दस्तावेज और वाहनों की जांच
सूत्रों के मुताबिक टीम ने मौके से कुछ दस्तावेज और वाहन संबंधी रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि किसी वाहन को जब्त किया गया है या नहीं।

जांच जारी
क्राइम ब्रांच अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि चोरी की गाड़ियों के नेटवर्क से किसी प्रकार का संबंध है या नहीं।