| | |

इंदौर में डिलीवरी बॉय को चाकू दिखा कर बाइक लूटी: 2 किमी पीछा कर फूटी कोठी पर वारदात; आरोपी की तलाश में जुटी टीम

इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के फूटी कोठी रोड पर देर रात फूड डिलीवरी बॉय से बाइक लूट ली गई। आरोप है कि बदमाशों ने महूनाका से फूटी कोठी तक करीब 2 किलोमीटर पीछा करने के बाद चाकू की नोक पर डिलीवरी बॉय की बाइक छिन कर लर गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर एक युवती को स्कूटी समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

चाकू दिखाकर बाइक लूटने का आरोप
पुलिस के अनुसार, डिलीवरी बॉय अपने काम से जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने महूनाका क्षेत्र से उसका पीछा करना शुरू किया। करीब 2 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद फूटी कोठी रोड पर उसे रोककर चाकू दिखाया और बाइक लूट ली। घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कराई गई।

नशे में मिली युवती, स्कूटी समेत गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती पलक वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह शराब के नशे में थी और उसके कब्जे से स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस अब युवती से पूछताछ कर फरार आरोपी और वारदात में उसकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

जिलाबदर बदमाश प्रिंस विसनार फरार 
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल आरोपी प्रिंस विसनार मौके से फरार हो गया। वह रावजी बाजार, जूनी इंदौर और भंवरकुआं थाना क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाश बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि प्रिंस को करीब एक महीने पहले ही इंदौर जिले से जिलाबदर किया गया था। इसके बावजूद उसके इंदौर में मौजूद होने की बात सामने आई है।

फरार आरोपी की तलाश में कई टीमें जुटीं
प्रिंस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की आवाजाही और वारदात से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा सके।

मामले में गिरफ्तार युवती से पूछताछ के आधार पर पुलिस लूट की पूरी घटना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Share