MP में बाबू के पास आय से 5 गुना संपत्ति: लोकायुक्त ने 5 जगह ठिकानों पर छापा; दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाल रही टीम

जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज प्रशिक्षण केंद्र, सिवनी में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी सुभाष शर्मा के जबलपुर और सिवनी स्थित 5 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। लोकायुक्त की शुरुआती जांच में आरोपी की आय की तुलना में संपत्ति और खर्च काफी अधिक पाए जाने की बात सामने आई है।
लोकायुक्त के मुताबिक, शर्मा के ठिकानों से करीब 5 करोड़ रुपए मूल्य की जमीन और प्लॉट तथा करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए मूल्य के फार्म हाउस और दो मकानों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन संपत्तियों में से कई उनकी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर खरीदी गई हैं।
सुबह 5:30 बजे शुरू हुई कार्रवाई
लोकायुक्त की टीम ने शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे कार्रवाई शुरू की। अलग-अलग स्थानों के लिए टीमों का गठन किया गया था। अधिकारियों ने घर, फार्म हाउस और अन्य ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की।

लोकायुक्त के अनुसार, जांच में आरोपी की आय और संपत्ति-व्यय के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। विभाग के मुताबिक यह अनुपात 543.19% बताया गया है। हालांकि, संपत्ति का अंतिम मूल्यांकन और आय के स्रोतों की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा
DSP रेखा प्रजापति के नेतृत्व में निरीक्षक जितेंद्र यादव, राहुल गजभिए और शशि मस्कुले की टीम ने जबलपुर स्थित सुभाष शर्मा के निवास पर कार्रवाई की।
वहीं DSP नीतू त्रिपाठी के नेतृत्व में दूसरी टीम पाटन तहसील क्षेत्र के एक गांव में स्थित उनके फार्म हाउस पर जांच कर रही है।

दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाल रही टीम
लोकायुक्त की टीमें दोनों स्थानों पर संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और अन्य कागजात की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक संपत्तियों का मूल्यांकन भी कराया जा रहा है।
लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कार्रवाई और जांच जारी है। दस्तावेजों की जांच तथा संपत्तियों के मूल्यांकन के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपी की आय के मुकाबले कितनी संपत्ति अधिक है और उसका स्रोत क्या है।