| |

भोपाल में बैरिकेडिंग विवाद बढ़ा: पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचे सांसद; बोले- CM से भी करेंगे मुलाकात

भोपाल।  पुराने भोपाल में मोती मस्जिद के पास मुख्य मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग का व्यापारी विरोध कर रहे हैं। उन्होंने इस व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया। तीन दिन तक बाजार बंद रखने की तैयारी भी की जा रही है।

जानकारी के बाद भोपाल सांसद आलोक शर्मा व्यापारियों के पास पहुंचे। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इसके बाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। यहां पुलिस कमिश्नर संजय सिंह से मुलाकात की। व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान गोविंद गोयल भी मौजूद रहे।

विशेषज्ञों से चर्चा के बाद निकलेगा समाधान
पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने समस्या सुनने के बाद कहा- ट्रैफिक पुलिस और मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान MANIT के विशेषज्ञों से चर्चा करेंगे।इसके बाद समाधान निकाला जाएगा। पुराने शहर से अतिक्रमण हटाने और यातायात सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मास्टर प्लान लागू कराने मुख्यमंत्री से मिलेंगे
सांसद आलोक शर्मा ने कहा- भोपाल के मास्टर प्लान को जल्द लागू कराने के लिए  मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। मास्टर प्लान लागू होने से शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग और अन्य शहरी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

उन्होंने कहा- व्यापारियों की आजीविका और शहर की यातायात व्यवस्था दोनों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। प्रशासन को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।

Share