इंदौर में करण औजला शो पर टैक्स चोरी के आरोप, निगम को सिर्फ 27 लाख, सवा करोड़ का सवाल

पंजाब के मशहूर सिंगर करण औजला के शो को लेकर इंदौर में बड़ा विवाद सामने आया है। शो के आयोजन में टैक्स चोरी के आरोप लगे हैं, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, इस बड़े इवेंट से इंदौर नगर निगम को टैक्स के रूप में केवल 27 लाख रुपये ही प्राप्त हुए, जबकि अनुमानित तौर पर यह राशि सवा करोड़ रुपये से अधिक होनी चाहिए थी।
बताया जा रहा है कि शो की 20 हजार से ज्यादा टिकटें बिकीं और औसत टिकट कीमत के आधार पर कुल कलेक्शन 12 से 15 करोड़ रुपये के बीच रहा। इस हिसाब से 10 प्रतिशत एंटरटेनमेंट टैक्स के अनुसार निगम को एक करोड़ रुपये से अधिक की आय होनी चाहिए थी।
आरोप है कि आयोजन नगर निगम की निगरानी के बावजूद बिना उचित टैक्स वसूली के संपन्न हो गया और आयोजक कार्यक्रम समाप्त कर निकल गए।
इस पूरे मामले में नगर निगम की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि निगम छोटे करदाताओं पर सख्ती दिखाता है, लेकिन बड़े आयोजनों में नरमी बरतता नजर आता है।
सूत्रों के मुताबिक, आयोजकों द्वारा एक प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति से मुलाकात के बाद निगम की कार्रवाई सुस्त पड़ गई, जिससे पूरे मामले में पारदर्शिता को लेकर संदेह बढ़ गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इंदौर में बड़े आयोजनों को लेकर टैक्स और अनुमति से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं हो पाई है।






