| |

इंदौर में चरित्र शंका में पत्नी की हत्या: पति ने गला घोंटकर मारने के बाद खाया जहर, सुसाइड नोट में लिखी वजह

Indore के हीरा नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब दंपती की मासूम बेटी के लगातार रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 6:30 बजे मेघदूत नगर इलाके की है। काफी देर तक बच्ची के रोने के बाद पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने कटर से दरवाजा काटकर अंदर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी के शव कमरे में पड़े मिले।

मृतक की पहचान हल्के वीर पटेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नर्मदापुरम का निवासी था और पीथमपुर की एक कीटनाशक कंपनी में नौकरी करता था। मृतका उसकी पत्नी रोशनी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग का आरोप

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें हल्के वीर ने दावा किया कि उसकी पत्नी रोशनी का सतीश साहू नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। उसने आरोप लगाया कि सतीश ने उसे पीथमपुर बुलाकर मारपीट की थी और उसके परिवार ने भी उसका साथ दिया।

नोट में हल्के वीर ने अपनी मौत के बाद सतीश साहू और उसके परिवार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने अपनी बेटी के 18 वर्ष की होने पर संपत्ति उसके नाम करने और पालन-पोषण की जिम्मेदारी अपनी साली को देने की बात भी लिखी है।

पुलिस को हत्या का शक

हालांकि सुसाइड नोट में दोनों द्वारा जहर खाने की बात कही गई है, लेकिन पुलिस जांच में मामला संदिग्ध नजर आया है। थाना प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार, मृतका रोशनी के गले पर गंभीर चोट और घसीटे जाने के निशान मिले हैं।

पुलिस को आशंका है कि हल्के वीर ने पहले पत्नी का गला घोंटकर हत्या की और बाद में खुद जहर खाकर जान दी। फिलहाल पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और कॉल डिटेल्स व चैट रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Share

Similar Posts