इंदौर में हाट बाजार के कारण लग रहा ट्रैफिक जाम: व्यापरियों को समझाने पहुंचे पार्षद; बोले- व्यापार और सफाई दोनों जरूरी

इंदौर। नवलखा क्षेत्र में हर गुरुवार लगने वाले हाट बाजार के कारण होने वाला ट्रैफिक जाम और गंदगी को लेकर को एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा ‘मामा’ और क्षेत्रीय पार्षद मृदुल अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से संवाद किया। उन्होंने दुकान और ठेले लगाने वाले व्यापारियों को निर्धारित स्थान पर ही दुकानें लगाने की सख्त समझाइश दी।
निर्धारित स्थान पर ही लगाएं दुकान
एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा ‘मामा’ ने व्यापारियों से कहा कि हाट बाजार के दौरान नवलखा क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ जाता है। सड़क किनारे और सड़क पर दुकानें लगने से यातायात बाधित होता है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानें और ठेले निर्धारित स्थान पर ही लगाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
पहले भी समझा चुके है
मनीष शर्मा ‘मामा’ इससे पहले भी हाट बाजार के व्यापारियों से संवाद कर चुके हैं और उन्हें समझाइश दी थी कि ठेले और दुकानें व्यवस्थित तरीके से निर्धारित स्थान पर ही लगाई जाएं। इसके बावजूद सड़क पर दुकानें लगाने की शिकायतों को देखते हुए निगम की ओर से अब सख्ती बरती जा रही है।
आसपास के क्षेत्र में कचरा न फैलाएं
इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। दुकानदारों से कहा गया कि वे हाट बाजार एवं आसपास के क्षेत्र में कचरा न फैलाएं और साफ-सफाई बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए
मनीष शर्मा ‘मामा’ ने कहा कि “हाट बाजार लगे, व्यापार भी चले, लेकिन सड़क और यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। स्वच्छता और व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।” मौके पर नगर निगम अधिकारी एच.ओ. गोहर जी, रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे, सीएसआई खरे जी, सफाई दरोगा सहित नगर निगम का अमला मौजूद रहा।