इंदौर में आबकारी विभाग की कार्रवाई: अवैध शराबखोरी पर शिकंजा, 12 प्रकरण दर्ज

Indore में “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत आबकारी विभाग ने अवैध रूप से शराब पिलाने वाले ढाबों, होटलों और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान 12 प्रकरण दर्ज कर लगभग 25 बल्क लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 23 हजार रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी और डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल ने किया। वहीं, एडीईओ जहांगीर खान तथा बदला कॉलोनी वृत्त की उप-निरीक्षक प्रियंका रानी चौरसिया और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

दिनांक 21 मई 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान अवैध रूप से शराब पिलाने और सार्वजनिक स्थलों पर मदिरापान करने वालों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 36(A) और 36(B) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

आबकारी विभाग ने कार्रवाई के दौरान जब्त की गई मदिरा को विधिवत कब्जे में लिया। विभाग के अनुसार, आगे भी जिले में अवैध शराब कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में आरक्षक संगीता यादव, कैलाश अखंडे और वाहन चालक निखिल का विशेष योगदान रहा, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की।

Share

Similar Posts