इंदौर में तेज रफ्तार कारों की भीषण टक्कर: एक कार पलटी, एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के बीआरटीएस स्थित रसोमा चौराहे पर शुक्रवार देर रात दो तेज रफ्तार कारों की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार अनियंत्रित होकर दो बार पलट गई, जबकि हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि एयरबैग खुलने से अन्य सवारों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि मामले में अभिषेक पुत्र लखन जायसवाल की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार मेदांता हॉस्पिटल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी, जबकि दूसरी कार एलआईजी क्षेत्र की तरफ से रसोमा चौराहे की ओर बढ़ रही थी। चौराहे पर दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार दो बार पलटते हुए सड़क पर जा गिरी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों वाहन उज्जैन नंबर के बताए जा रहे हैं।
गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
हादसे में कार सवार देव चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके कंधे में फ्रैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
कार से मिली शराब की बोतलें, युवतियां मौके से गायब
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार में कुछ युवतियां भी सवार थीं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन से शराब की तीन बोतलें मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवतियां मौके से चली गईं। हालांकि कार का एयरबैग खुल जाने से उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, बाद में संबंधित पक्ष से संपर्क करने पर बताया गया कि वे दर्शन के लिए जा रहे थे। घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।






