इंदौर में आज से पश्चिमी क्षेत्रीय पुलिस सम्मेलन: 7 राज्यों के DGP शामिल होंगे; बैठक सुरक्षा कारणों से गोपनीय

इंदौर। में पश्चिमी क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति का राष्ट्रीय स्तर का दो दिवसीय सम्मेलन शुक्रवार दोपहर से शुरू होगा। सम्मेलन की मेजबानी मध्यप्रदेश पुलिस कर रही है। इसमें पश्चिमी क्षेत्र के 7 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
सम्मेलन में मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के पुलिस प्रमुख हिस्सा लेंगे। महाराष्ट्र के डीजीपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़ेंगे।

दोपहर 2 बजे बाद शुरू होगी बैठक
सूत्रों के अनुसार सम्मेलन का पहला सत्र शुक्रवार दोपहर 2 बजे बाद शुरू होगा। बैठक करीब तीन घंटे तक चलेगी। सुरक्षा और संवेदनशील विषयों को देखते हुए सम्मेलन को गोपनीय रखा गया है।
केंद्रीय स्तर के निर्देशों के बाद आयोजन
पुलिस सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद यह सम्मेलन इंदौर में आयोजित किया जा रहा है। हालांकि बैठक के एजेंडे की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
राज्यों के बीच समन्वय होगा मजबूत
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सम्मेलन में सीमा पार अपराध, संगठित अपराध, साइबर अपराध, मादक पदार्थ तस्करी और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हो सकती है। इससे पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों के बीच सूचना साझा करने और संयुक्त कार्रवाई की व्यवस्था और मजबूत होगी।
मीडिया को रखा गया दूर
दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान मीडिया की पहुंच सीमित रखी गई है। बैठक के अधिकांश सत्रों में मीडिया को शामिल नहीं किया गया है, जिससे इसके गोपनीय स्वरूप को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
संभावित चर्चा के प्रमुख मुद्दे
- अंतरराज्यीय अपराध पर संयुक्त रणनीति
- साइबर अपराध और डिजिटल फ्रॉड की रोकथाम
- मादक पदार्थों की तस्करी पर समन्वित कार्रवाई
- संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस सहयोग
- खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था
पुलिस मुख्यालय की ओर से सम्मेलन समाप्त होने के बाद आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।