|

फरीदाबाद में मंदिर-मस्जिद पर चला बुलडोजर, इंटरनेट सेवा बंद; भारी पुलिस बल तैनात

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में नगर निगम ने शुक्रवार देर रात शिव मंदिर और मस्जिद समेत कई कथित अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की। प्रशासन की यह कार्रवाई शनिवार सुबह तक जारी रही, जबकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर NIT क्षेत्र में करीब 21 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।

प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई एलिवेटेड रोड निर्माण और नमो भारत RRTS (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) कॉरिडोर परियोजना के लिए की जा रही है। बताया गया कि NH-3 मस्जिद चौक के पास स्थित शिव मंदिर और मस्जिद प्रस्तावित परियोजना के मार्ग में बाधा बन रहे थे।

नगर निगम की टीम ने शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे मस्जिद चौक और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई अवैध कब्जों और अन्य ढांचों को भी हटाया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मंदिर और मस्जिद प्रबंधन को पहले कई नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाने पर निगम को कार्रवाई करनी पड़ी। अधिकारियों के अनुसार, कुछ ढांचे पुरातत्व विभाग की जमीन पर बने थे और करीब 30 से 40 साल पुराने बताए जा रहे हैं।

इंटरनेट सेवा बंद, सोशल मीडिया पर निगरानी

गृह विभाग की अतिरिक्त सचिव डॉ. वंदना दिसोदिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि तोड़फोड़ अभियान के दौरान तनाव, उपद्रव और सार्वजनिक-निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। इसी को देखते हुए व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अफवाह और भड़काऊ सामग्री फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद की गईं।

आदेश के अनुसार, शुक्रवार रात 12 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक NIT क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।

कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी रेड लाइट तक जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। डीसीपी NIT कार्यालय से मुल्ला होटल जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, 29 मई रात 2 बजे से 30 मई दोपहर 2 बजे तक कई मार्गों पर यातायात बंद रहेगा। गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

भारी वाहनों को बड़खल, अंखीर चौक, एमवीएन चौक और पाली रोड से डायवर्ट किया जा रहा है, जबकि हल्के वाहन बीके चौक, 4-5 चौक, पटेल चौक, बड़खल गांव रोड और सैनिक कॉलोनी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जा सकती है।

Share

Similar Posts