| | |

‘धार्मिक क्षेत्र में हो रही शराब की होम डिलीवरी’: जीतू पटवारी का सरकार को अल्टीमेटम; बोले- एक हफ्ते में स्कूल व्यवस्था सुधारें

भोपाल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने स्कूल शिक्षा व्यवस्था, महंगाई, महिला सुरक्षा, शराबबंदी और धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने स्कूल शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश की स्कूल शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाने के लिए सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने आठ दिन में शिक्षा के क्षेत्र में ठोस निर्णय नहीं लिए तो कांग्रेस पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक अपने अध्यक्षों और पदाधिकारियों को सरकारी स्कूलों में भेजेगी।

वीडियो जनता को दिखाएगी कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं के अनुसार पार्टी पदाधिकारी सरकारी स्कूलों का दौरा कर वहां की स्थिति के वीडियो बनाएंगे और उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जनता के सामने रखा जाएगा। इसके बाद प्रदेशभर में जनजागरूकता अभियान चलाने और संभाग स्तर पर साइकिल यात्राएं निकालने की बात कही गई है।

मैहर में शराबबंदी के दावों पर सवाल
पटवारी ने धार्मिक क्षेत्र में शराबबंदी को लेकर सरकार के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मैहर में शराबबंदी के बावजूद घर-घर शराब की होम डिलीवरी होने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने कहा कि सरकार धार्मिक नगरी में शराबबंदी की बात करती है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग है।

महंगाई को लेकर सरकार पर हमला
कांग्रेस ने खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा। पार्टी ने दावा किया कि शक्कर के दाम में 16 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। पाम ऑयल, सोयाबीन तेल, मूंगफली तेल और दलहन की कीमतें बढ़ने का भी आरोप लगाया गया। सांची और अमूल दूध की कीमतों का जिक्र करते हुए कांग्रेस ने कहा कि महंगाई का सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ रहा है।
महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा पर निशाना
गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य के महिलाओं से जुड़े बयान को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला। पार्टी ने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं है। महिला अपराध और प्रताड़ना के मामलों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार से जवाब मांगा।
भाजपा में अंदरूनी खींचतान
कांग्रेस ने भाजपा में अंदरूनी असंतोष होने का दावा किया। पार्टी की ओर से कहा गया कि भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की शिकायत लेकर दिल्ली जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की ओर से मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव के संकेत दिए जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
संविधान और आजादी की लड़ाई को लेकर भी सवाल
पटवारी ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता जताते हुए भाजपा और RSS पर निशाना साधा। कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपने नेताओं के योगदान का जिक्र करते हुए भाजपा और RSS से ऐसे स्वतंत्रता सेनानियों के नाम बताने की चुनौती दी, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो।
धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की चोरी का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की चोरी के आरोपों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार और भाजपा-RSS को घेरा। पार्टी ने कहा कि इस मामले को लेकर जल्द कार्यक्रम तय किया जाएगा और इसे जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा।
Share