MPPSC में आदित्य ठाकुर की फर्स्ट रैंक: पुलिस परीक्षा में हुए थे फेल; बोले- स्वस्थ क्षेत्र की कमियों को करेंगे दूर

धार। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग MPPSC की सहायक प्रबंधक परीक्षा-2024 में धार जिले के आदित्यराज सिंह ठाकुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। धरमपुरी तहसील के छोटे से गांव तारापुर के रहने वाले आदित्यराज ने रेंक-1 हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया।
आदित्यराज किसान परिवार और संयुक्त परिवार से आते हैं। उन्होंने किसी बड़े शहर में जाकर कोचिंग नहीं की। गांव में रहकर ही करीब 4-5 साल तक MPPSC की तैयारी की। वे रोजाना करीब 5 घंटे पढ़ाई करते थे।
9 जुलाई 2026 को उनका इंटरव्यू हुआ था। 19 अगस्त को रिजल्ट जारी हुआ तो परिवार और गांव में खुशी का माहौल बन गया। बुधवार को रिश्तेदार, दोस्त और गांव के लोग उनके घर पहुंचे और फूल-माला पहनाकर बधाई दी।
कई बार मिली असफलता, फिर भी जारी रखी तैयारी
आदित्यराज के लिए यह सफलता आसानी से नहीं मिली। वे इससे पहले कई बार मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम मेरिट में 1-2 अंकों से रह जाते थे।
पुलिस भर्ती परीक्षा में भी वे फिजिकल टेस्ट पास नहीं कर पाए थे। लगातार असफलताओं के बावजूद उन्होंने तैयारी नहीं छोड़ी। अपनी कमियों पर काम किया और लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत जारी रखी।

अधिकारियों को देखकर मिली सरकारी नौकरी की प्रेरणा
आदित्यराज ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़े पापा, चाचा, संयुक्त परिवार और अपने चार दोस्तों को दिया है। उनके पिता ग्राम पंचायत में सचिव हैं। आदित्यराज ने बताया कि गांव में रहते हुए उन्होंने अधिकारियों को काम करते हुए देखा। इससे उन्हें सरकारी सेवा में जाने और लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा मिली।

स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करना चाहते हैं
आदित्यराज का कहना है कि सहायक प्रबंधक के रूप में वे स्वास्थ्य क्षेत्र की कमियों को दूर करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए काम करना चाहते हैं। उनकी सफलता से तारापुर गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद आदित्यराज ने मेहनत के दम पर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी सफलता गांव के दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनी है।