MPPSC सहायक प्रबंधक परीक्षा का रिजल्ट जारी: आदित्यराज प्रदेश में प्रथम; सुरेंद्र दूसरे और पुष्पेंद्र तीसरे स्थान पर

इंदौर। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहायक प्रबंधक परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। प्रदेश स्तर पर जारी चयन सूची में धार जिले के तारापुर गांव के आदित्यराज सिंह ठाकुर ने पहला स्थान हासिल किया है। उनके बाद सुरेंद्र रघुवंशी दूसरे और पुष्पेंद्र सिंह कौरव तीसरे स्थान पर रहे।
MPPSC की 19 अगस्त को जारी चयन सूची में आदित्यराज सिंह ठाकुर का नाम सबसे ऊपर है। उनका रोल नंबर 301187 है। प्रदेशभर के अभ्यर्थियों के बीच पहली रैंक हासिल करने पर धार जिले के साथ उनके गांव तारापुर में भी खुशी का माहौल है।
सहायक प्रबंधक के कुल 68 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा 23 नवंबर 2025 को हुई थी। आयोग ने अंतिम चयन सूची को मुख्य और प्रावधिक हिस्सों में जारी किया है। मुख्य चयन सूची में 87 प्रतिशत पदों के तहत 59 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
टॉप-3 में ये अभ्यर्थी
- पहला स्थान: आदित्यराज सिंह ठाकुर
- दूसरा स्थान: सुरेंद्र रघुवंशी
- तीसरा स्थान: पुष्पेंद्र सिंह कौरव

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में होगी नियुक्ति
यह भर्ती मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में सहायक प्रबंधक पद के लिए की गई थी। अंतिम परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।