सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा 2024: DAVV की हिंदी डिग्री पर विवाद, MPPSC ने दो अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी की निरस्त
सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2024 में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) की हिंदी विषय से जुड़ी एक स्नातकोत्तर डिग्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने विश्वविद्यालय की तुलनात्मक भाषा अध्ययनशाला द्वारा संचालित एमए व्यवहारिक हिंदी, अनुवाद एवं साहित्य पाठ्यक्रम की डिग्री को विज्ञापन में निर्धारित योग्यता के अनुरूप नहीं मानते हुए दो अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी निरस्त कर दी है।
अभ्यर्थियों ने आयोग के फैसले पर जताई आपत्ति
जानकारी के अनुसार, प्रभावित अभ्यर्थियों ने MPPSC के निर्णय पर आपत्ति दर्ज कराते हुए अपने शैक्षणिक दस्तावेज और विश्वविद्यालय द्वारा जारी स्पष्टीकरण आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि संबंधित डिग्री हिंदी विषय के समकक्ष है और उन्हें भर्ती प्रक्रिया से बाहर करना अनुचित है।
DAVV ने डिग्री को बताया हिंदी विषय के समकक्ष
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया है कि एमए व्यवहारिक हिंदी, अनुवाद एवं साहित्य पाठ्यक्रम की डिग्री हिंदी विषय के समकक्ष मानी जाती है। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में प्रमाणित स्पष्टीकरण भी जारी किया, लेकिन MPPSC ने इसे स्वीकार नहीं किया।
उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखेगा विश्वविद्यालय
मामले की गंभीरता को देखते हुए DAVV प्रशासन अब उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखने की तैयारी कर रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य संबंधित पाठ्यक्रम की मान्यता और विषय समकक्षता को लेकर स्थिति स्पष्ट करना है, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य पर किसी तरह का नकारात्मक असर न पड़े।
फिलहाल प्रभावित अभ्यर्थी लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं और इस मामले में जल्द समाधान की उम्मीद जता रहे हैं।
