दतिया उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भरा पर्चा, जीतू पटवारी रहे नदारद

दतिया उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपना नॉमिनेशन फाइल कर दिया है। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, सपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव और दूसरे नेता मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट से सभी नेता रिंग रोड स्थित भैरव मंदिर के पास पहुंचे। यहां जनसभा चल रही है। इसमें टिकट के दावेदार रहे अवधेश नायक मौजूद नहीं हैं। ऐसे में चर्चा शुरू हो गई है कि वे बीजेपी में वापसी कर सकते हैं। सभा के मंच से दिग्विजय सिंह ने अवधेश नायक से माफी मांगी। दिग्विजय बोले- मैंने आप के टिकिट का विरोध किया था। कारण था कि आप तभी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। लेकिन आपने 2023 के विधानसभा चुनाव में दमदारी और ईमानदारी से काम किया। राजेंद्र भारती को जिताया। मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं। मैंने कहीं आपका अपमान किया हो तो मैं आपसे माफी चाहता हूं।
बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी दोपहर करीब ढाई बजे नामांकन दाखिल करने निर्वाचन कार्यालय जाएंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा समेत अन्य पार्टी नेता रहेंगे। सीएम यादव दोपहर करीब एक बजे दतिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद कार से सीधे किला चौक आएंगे। यहां सभा के बाद तिवारी का नामांकन दाखिल कराने कलेक्ट्रेट जाएंगे। आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव 10 जुलाई को ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। उधर, उपचुनाव के लिए बीजेपी के स्टार प्रचारकों की सूची भी सामने आ गई है। इसमें पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम शामिल है।
सपा अध्यक्ष बोले- हम इंडिया गठबंधन में, घनश्याम सिंह बहुमत से जीतेंगे
दतिया उपचुनाव में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन धर्म का पालन कर रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा- घनश्याम सिंह बहुमत से जीतेंगे। इंडिया गठबंधन दतिया में भ्रष्टाचार खत्म करने का काम करेगा। वहीं नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा- हम चुनाव जीतेंगे। हमारी फाइट बीजेपी से है। आजाद समाज पार्टी तो बीजेपी की बी टीम है, उनको कोई वोट नहीं देगा। अब सभी नेता रिंग रोड स्थित भैरव मंदिर के लिए रवाना हो गए हैं। यहां आम सभा को संबोधित करेंगे। इधर, बसपा सुप्रीमो मायावती ने दतिया उपचुनाव से दूरी बनाते हुए मध्य प्रदेश इकाई को साल 2028 के विधानसभा चुनाव पर फोकस करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी के एमपी प्रभारी राजाराम, प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल के साथ मिलकर कैडर मैनेजमेंट को मजबूत कर रहे हैं।
दिग्विजय बोले- हमें खुशी है कि नरोत्तम मिश्रा का टिकट बीजेपी ने काट दिया
दतिया उपचुनाव और बीजेपी नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमें खुशी है कि अत्याचारी, अन्यायी और रावण जैसी प्रवृत्ति वाले नरोत्तम मिश्रा का टिकट बीजेपी ने काट दिया। यह हमारे लगातार हमलों का परिणाम है। जहां तक नए उम्मीदवार का सवाल है, मुझे सिर्फ इतना पता है कि विधायक खरीद-फरोख्त प्रकरण में नरोत्तम मिश्रा के साथ उनके वित्तीय लेन-देन का नाम सामने आया था, जिसके कारण उन पर आर्थिक अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। आज सबसे बड़ा मुद्दा हमारी आस्था पर लगा आघात है। अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर बने राम मंदिर को लेकर गंभीर सवाल हैं। इस मुद्दे के लिए निर्मोही अखाड़ा ने 150 वर्षों से अधिक समय तक संघर्ष किया और गोरखनाथ ट्रस्ट के महंतों ने भी लंबे समय तक लड़ाई लड़ी। अब सवाल यह है कि वह मूल रामलला की प्रतिमा कहां है, जिसने मंदिर को उसकी पहचान दी थी?