वित्तमंत्री के ‘3एफ’ बयान पर कांग्रेस का हमला, जयराम रमेश बोले- चौथा ‘एफ’ भूल रही सरकार
कांग्रेस महासचिव (संचार) Jairam Ramesh ने वित्तमंत्री Nirmala Sitharaman के ‘3एफ’ (फ्यूल, फर्टिलाइजर और फॉरेक्स) वाले बयान पर केंद्र सरकार को घेरा है। जयराम रमेश ने कहा कि वित्तमंत्री खुद ईंधन, उर्वरक और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव की बात कर रही हैं, जबकि देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम जनता पहले ही दबाव झेल रही है।
जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि वित्तमंत्री ने ‘3एफ’ यानी फ्यूल, फर्टिलाइजर्स और फॉरेक्स को गंभीर चिंता का विषय बताया है, लेकिन वह चौथे और सबसे महत्वपूर्ण ‘एफ’ को नजरअंदाज कर रही हैं।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि निजी निवेश की दर पिछले कुछ वर्षों में लगातार गिर रही है। उन्होंने कहा कि कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रवाह में कमी आई है और सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के अनुपात में निजी कॉरपोरेट निवेश 2014 से पहले के उच्चतम स्तर के लगभग आधे तक पहुंच गया है।
रमेश ने आरोप लगाया कि भारतीय कारोबारी अब विदेशों में अधिक स्थिर और लाभकारी अवसर तलाश रहे हैं, जबकि कुछ भारतीय कॉरपोरेट हस्तियां भी विदेशों में बस रही हैं। उन्होंने कहा कि निवेश केवल वित्तीय निर्णय नहीं होता, बल्कि उपभोक्ता मांग और कारोबारी विश्वास जैसे मनोवैज्ञानिक कारकों पर भी निर्भर करता है।
कांग्रेस नेता के अनुसार, देश में व्यापक उपभोक्ता मांग में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने के कारण कंपनियां निवेश को लेकर सतर्क रुख अपना रही हैं, जिससे आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।
गौरतलब है कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में Small Industries Development Bank of India (सिडबी) की 37वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘3एफ’—फ्यूल, फर्टिलाइजर और फॉरेक्स पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई थी। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट के बीच इन क्षेत्रों को भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बताया था।





