| |

भोपाल एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल शुरू, नवीं मुंबई के लिए नई उड़ान, गोवा रूट बंद

भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर आज से समर शेड्यूल 2026 लागू हो गया है। नए शेड्यूल के तहत भोपाल से नवीं मुंबई के लिए नई उड़ान शुरू की जा रही है, जबकि गोवा रूट पर इंडिगो की उड़ान बंद हो जाएगी।

एयरपोर्ट निदेशक रामजी अवस्थी ने बताया कि समर शेड्यूल के साथ भोपाल की हवाई कनेक्टिविटी में विस्तार होगा। नए शेड्यूल में नवी मुंबई और हैदराबाद के लिए अतिरिक्त उड़ानें शुरू की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे।

भोपाल से अब कुल 36 उड़ानों (18 जोड़ी) का संचालन होगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से मंजूरी मिलने के बाद इंडिगो एयरलाइंस मुंबई और हैदराबाद के लिए नई उड़ानें संचालित करेगी।

समर शेड्यूल के अनुसार भोपाल से दिल्ली, मुंबई, नवी मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे, अहमदाबाद और रायपुर के लिए सीधी उड़ान सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। एयरलाइंस में इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस शामिल हैं।

विशेष रूप से, दिल्ली के लिए 7 दैनिक उड़ानें, मुंबई के लिए 4, बेंगलुरु के लिए 3 और हैदराबाद के लिए 2 उड़ानें उपलब्ध होंगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस भोपाल में अपना बेस स्टेशन शुरू कर बेंगलुरु के लिए उड़ान सेवा संचालित करेगी।

हालांकि, गोवा जाने वाले यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट या लंबा ट्रेन सफर लेना होगा, क्योंकि इंडिगो की भोपाल-गोवा उड़ान बंद कर दी गई है।

निदेशक अवस्थी ने कहा कि समर शेड्यूल अक्टूबर तक लागू रहेगा और इस दौरान भोपाल से देश के प्रमुख शहरों के बीच हवाई संपर्क में और सुधार की संभावना है।

Share

Similar Posts